बड़ी खबरें
बोले सीएम योगी – हनुमानगढ़ी मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़ाने का पाप सपा-कांग्रेस ने किया
जनसभा में विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की घोषणा
पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह की प्रतिमा का किया अनावरण, योजनाओं के लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र
अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या दौरे के दौरान बीकापुर में आयोजित जनसभा में जिले को 432 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया तथा पूर्व मंत्री स्व. मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या लंबे समय तक विकास से वंचित रही, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे विकास और विरासत के नए केंद्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या देश और दुनिया से जुड़ चुकी है तथा यहां आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने अयोध्या के विकास की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन की सरकार” ने बिना रुके विकास कार्य किए हैं और अयोध्या की पहचान को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण और शहर के व्यापक विकास ने अयोध्या को नई पहचान दिलाई है।
मुख्यमंत्री योगी ने इस अवसर पर दो नगर पंचायतों के नाम बदलने की भी घोषणा की। उन्होंने खिरौनी-सोहावल नगर पंचायत का नाम मां ज्वाला देवी नगर पंचायत तथा भरतकुंड-भदरसा नगर पंचायत का नाम भरत नगर-भरतकुंड किए जाने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विकासखंड परिसर में स्थापित स्व. मुन्ना सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपीं।
