वाराणसी
रिश्तेदारी में रह रहे बुजुर्ग की संदिग्ध मौत से सनसनी
भतीजे ने बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकालने और हत्या का लगाया आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की वजह स्पष्ट, पुलिस जांच में जुटी
पिंडरा (वाराणसी)। फूलपुर थाना क्षेत्र के परसहनी गांव में रिश्तेदारी में रह रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने बैंक खाते से साढ़े चार लाख रुपये निकालने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जौनपुर के लाइन बाजार निवासी मन्नालाल पटेल (70) पिछले पांच माह से अपनी दिवंगत बहन के परिवार के साथ परसहनी गांव में रह रहे थे। बुधवार सुबह उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर फूलपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के भतीजे शिवचरन पटेल का आरोप है कि बहन के बेटे प्रेम पटेल ने मन्नालाल के बैंक खाते से करीब साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए और उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में संपत्ति और पैसों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं, आरोपों को खारिज करते हुए प्रेम पटेल ने बताया कि मामा ने मंगलवार रात खाना खाया और सो गए थे। बुधवार सुबह जगाने पर उनकी मौत की जानकारी हुई। उनका कहना है कि मन्नालाल पहले से बीमार थे और बीमारी के कारण ही उनका निधन हुआ।
फूलपुर थाना के हल्का प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
