वाराणसी
जर्जर मकान के जीर्णोद्धार में बाधा का आरोप, पीड़ित परिवारों ने एसडीएम से लगाई गुहार
महिमापुर के परिवारों ने दबंगों पर मारपीट और निर्माण रोकने का लगाया आरोप, एसडीएम ने फिर दिए जांच के निर्देश
पिंडरा (वाराणसी)। तहसील क्षेत्र के महिमापुर गांव के कई परिवारों ने बुधवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) पिंडरा प्रतिभा मिश्रा से शिकायत कर अपने करीब 80 वर्ष पुराने जर्जर मकान के जीर्णोद्धार में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ितों ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम को दिए शिकायती पत्र में रविंद्र कुमार, बृजकिशोर, मिट्ठूलाल, विशाल, राजन, दिव्यांग अनीता देवी, पवित्री देवी और शशिकला ने आरोप लगाया कि विपक्षी उन्हें अपने पुराने मकान का निर्माण एवं मरम्मत नहीं करने दे रहे हैं। उनका कहना है कि बारिश के मौसम में परिवार खुले में रहने को मजबूर है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, उन्होंने पहले भी पुलिस से मामले की शिकायत की थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 11 जून को एसडीएम कार्यालय में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, जिस पर राजस्व निरीक्षक और कपसेठी थानाध्यक्ष को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। आरोप है कि अब तक उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवारों का कहना है कि मकान अत्यंत जर्जर हो चुका है और उसमें आए दिन सांप, बिच्छू तथा अन्य विषैले जीव-जंतु निकलते रहते हैं, जिससे छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने एक बार फिर संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
