चन्दौली
सपा पदाधिकारियों ने किया पौधारोपण, औसाफ अहमद गुड्डू ने पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
गोपालापुर व कुंडा कला गांव में हुआ कार्यक्रम, बोले- पौधे जीवन के लिए बेहद जरूरी
सतपोखरी में प्रीमियर लीग का समापन, विजेता टीम को बांटे गए शील्ड और मेडल
पीडीडीयू नगर। नियमताबाद ब्लॉक के गोपालापुर गांव में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं 380 मुगलसराय विधानसभा प्रत्याशी औसाफ अहमद गुड्डू ने पौधारोपण कर की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि पौधे हमारे जीवन के लिए बेहद उपयोगी हैं। पेड़-पौधों से जहां हमें बेहतर ऑक्सीजन मिलती है, वहीं कई प्रकार की जड़ी-बूटियां भी प्राप्त होती हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी लोग अपने खाली स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
जनसभा में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक मुद्दों पर रखे विचार
पौधारोपण के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए औसाफ अहमद गुड्डू ने पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है और सरकार के कार्यों पर सवाल उठ रहे हैं।
कार्यक्रम में महासचिव नफीस अहमद गुड्डू, यासीन अहमद, जहांगीर आलम, जलालुद्दीन अंसारी, बिजेंद्र, राजेंद्र मास्टर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कुंडा कला गांव में भी हुआ पौधारोपण
इसी क्रम में कुंडा कला गांव में भी औसाफ अहमद गुड्डू के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
सतपोखरी में प्रीमियर लीग का हुआ समापन
दुल्हीपुर के सतपोखरी स्थित बीपी हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का भी शानदार समापन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि औसाफ अहमद गुड्डू रहे। फाइनल मुकाबले में पहुंची अनिकेत-11 और दोषीपुरा क्रिकेट क्लब की टीमों ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
फाइनल मुकाबले में दोषीपुरा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 85 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में अनिकेत-11 की टीम ने 8.5 ओवर में लक्ष्य हासिल कर शानदार जीत दर्ज की। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मुख्य अतिथि औसाफ अहमद गुड्डू ने विजेता खिलाड़ियों को शील्ड और मेडल प्रदान किए। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत करते रहने और प्रदेश व देश स्तर पर नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन 1 जुलाई से लगातार विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के लोगों से संवाद किया जा रहा है।
