जौनपुर
ट्रांसफार्मर की अर्थिंग में उतरे करंट से भैंस की मौत, ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के बीबनमऊ गांव में शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर की अर्थिंग में करंट उतरने से एक भैंस की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, बीबनमऊ निवासी दारा यादव की भैंस को उनका पुत्र गोलू रोज की तरह चराने के लिए ले गया था। चराई के दौरान भैंस ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गई और 11 हजार वोल्ट लाइन से जुड़े अर्थिंग तार में उतरे करंट की चपेट में आ गई। करंट लगने से भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल विद्युत उपकेंद्र को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लाइनमैन ने मौके पर पहुंचकर बिजली आपूर्ति बंद कराई और करंट की चपेट में फंसी भैंस को बाहर निकाला।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब एक लाख रुपये मूल्य की मृत भैंस के लिए उचित मुआवजा देने की मांग की है।
