मिर्ज़ापुर
वायरल वीडियो के बीच डॉक्टर के समर्थन में आए लोग, साजिश का लगाया आरोप
डॉ. राजकुमार पर लगाए गए आरोपों को बताया बेबुनियाद, मरीजों को सरकारी अस्पताल में इलाज की सलाह देने का दावा
वायरल वीडियो को भ्रामक बताने का दावा, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
मिर्जापुर। मंडलीय चिकित्सालय के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार को लेकर वायरल हो रहे एक वीडियो के बीच उनके समर्थन में बयान सामने आया है। समर्थकों का दावा है कि डॉक्टर को बदनाम करने की साजिश के तहत वीडियो का आंशिक हिस्सा वायरल किया गया है।
समर्थकों के अनुसार, डॉ. राजकुमार पिछले कई वर्षों से मंडलीय चिकित्सालय में कार्यरत हैं और गरीब मरीजों को प्राथमिकता के साथ उपचार उपलब्ध कराते रहे हैं। उनका कहना है कि डॉक्टर मरीजों को सरकारी अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देते हैं और अनावश्यक रूप से निजी अस्पतालों में इलाज कराने के बजाय सरकारी अस्पताल में निःशुल्क उपचार कराने की सलाह देते हैं।
दावा किया गया है कि वायरल वीडियो में बातचीत का पूरा हिस्सा नहीं दिखाया गया है और उसे संदर्भ से हटाकर प्रसारित किया गया, जिससे उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।
फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में संबंधित प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
