जौनपुर
शारदा सहायक नहर में मिला अज्ञात युवक का शव
पानी में बहता मिला शव, पहचान न होने पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र के बंदनपुर गांव स्थित शारदा सहायक नहर की पुलिया के पास गुरुवार को करीब 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
ग्रामीणों के अनुसार नहर में एक युवक का शव औंधे मुंह बहता दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पहचान कराने का प्रयास किया।
घंटों प्रयास के बाद भी नहीं हुई शिनाख्त
पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी, जबकि शरीर के निचले हिस्से में कोई वस्त्र नहीं था।
जांच में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने और मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
