जौनपुर
पीएम सूर्य घर योजना में जौनपुर का शानदार प्रदर्शन, लक्ष्य से 130% अधिक सोलर इंस्टालेशन
जून में 780 रूफटॉप सोलर लगाए, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर मिली ‘ए’ श्रेणी
जौनपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जौनपुर जनपद ने जून 2026 में निर्धारित लक्ष्य से अधिक सोलर रूफटॉप इंस्टालेशन कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
लक्ष्य के मुकाबले 130 प्रतिशत उपलब्धि
जिलाधिकारी ने बताया कि जून 2026 तक जनपद में 5,044 सोलर रूफटॉप इंस्टालेशन पूरे किए जा चुके हैं। जून माह के लिए 600 इंस्टालेशन का लक्ष्य निर्धारित था, जबकि 780 इंस्टालेशन कराकर जनपद ने 130 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते जौनपुर को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बैंक और विद्युत विभाग के अधिकारियों को योजना से जुड़े सभी लंबित मामलों की अद्यतन रिपोर्ट 9 जुलाई तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग के खंड-2 और खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन तथा लंबित निरीक्षण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।
डिफॉल्टर वेंडरों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के विरुद्ध राजस्व वसूली (आरसी) जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि निरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अनुदान की राशि बिना किसी विलंब के उनके बैंक खातों में भेजी जा सकेगी।
अधिकारी और वेंडर रहे मौजूद
बैठक में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा पंजीकृत सोलर वेंडर उपस्थित रहे।
