भदोही
ईंट-भट्ठा संचालकों ने जिलाधिकारी से की मुलाकात, खनन व परिवहन व्यवस्था पर हुआ विस्तृत मंथन
भदोही। जनपद के ईंट-भट्ठा संचालकों का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा, जहां खनन सामग्री की उपलब्धता, मिट्टी के पट्टों और परिवहन व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान भट्ठा संचालकों ने कहा कि ईंट निर्माण कार्य के सुचारु संचालन के लिए समय पर मिट्टी की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खनन पट्टों की प्रक्रिया, अनुमति व्यवस्था और परिवहन से जुड़ी प्रशासनिक औपचारिकताओं को लेकर जिलाधिकारी से मार्गदर्शन मांगा।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में सभी खनन गतिविधियां पूरी तरह वैधानिक, पारदर्शी और शासन के नियमों के अनुरूप संचालित कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि पात्र इकाइयों को नियमानुसार अनुमति प्रदान की जाएगी और किसी भी स्तर पर अनावश्यक कठिनाई नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खनन सामग्री के परिवहन में केवल वैध ड्राइविंग लाइसेंसधारी चालकों का ही उपयोग किया जाए। साथ ही प्रत्येक खनन स्थल पर साइन बोर्ड, चौहद्दी सीमांकन, झंडियां और सुरक्षा संकेतक लगाना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी भट्ठा संचालकों को पर्यावरणीय मानकों और खनन नियमों का पूर्ण पालन करना होगा। अवैध खनन या अनधिकृत परिवहन की स्थिति में कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में प्रशासन और भट्ठा संचालकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया, ताकि उद्योग से जुड़ी गतिविधियां सुचारु रूप से चलती रहें और पर्यावरण एवं राजस्व हितों की भी रक्षा हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के आश्वासन पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी का आभार जताया और नियमों के पालन का भरोसा दिया।
