भदोही
एसपी की जनसुनवाई: शिकायतों के त्वरित व धरातलीय निस्तारण पर जोर, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
भदोही। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रतिदिन की तरह आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनव त्यागी ने आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का संज्ञान लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को फोन पर आवश्यक निर्देश जारी किए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए, ताकि पीड़ित पक्ष पूरी तरह संतुष्ट हो सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने यह भी कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ मानवीय व्यवहार किया जाए तथा उनकी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
