वाराणसी
गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर लगाई गई छबील, राहगीरों को बांटा गया मीठा शरबत
वाराणसी। शहर के मैदागिन स्थित मालवीय मार्केट क्षेत्र में सिख समाज एवं स्थानीय श्रद्धालुओं द्वारा गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस पर छबील सेवा का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों, दुकानदारों, रिक्शा चालकों और आम लोगों को ठंडा मीठा शरबत वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।
आयोजन स्थल पर लगाए गए बैनर के माध्यम से गुरु अर्जन देव जी के बलिदान, त्याग और मानवता के लिए किए गए योगदान की जानकारी दी गई। श्रद्धालुओं ने बताया कि सिख परंपरा में गुरु अर्जन देव जी की शहादत की स्मृति में गर्मी के मौसम में मीठे शरबत का वितरण किया जाता है, जिसे छबील सेवा कहा जाता है।

स्वयंसेवकों ने शरबत तैयार करने से लेकर वितरण तक की जिम्मेदारी संभाली। सेवा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर शरबत ग्रहण किया और आयोजन की सराहना की।
आयोजकों ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन मानवता, सेवा, सहनशीलता और त्याग का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी समाज को परोपकार और भाईचारे का संदेश देते हैं। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने गुरु जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
