गोरखपुर
निर्माणाधीन मकान की दीवार तोड़ने का विरोध करने पर महिला से मारपीट, चार पर मुकदमा
घायल महिला को अस्पताल भेजा गया, पुलिस जांच में जुटी
हरपुर-बुदहट। थाना क्षेत्र के सोपरा गांव में निर्माणाधीन मकान की दीवार क्षतिग्रस्त करने का विरोध करने पर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सोपरा निवासी परमात्मा मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि 12 मई 2026 की सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव के ही दिनेश मिश्रा अपने दोनों पुत्रों कृष्णा मिश्रा और शम्भू मिश्रा तथा पत्नी प्रेमशीला देवी के साथ उनके निर्माणाधीन मकान की उत्तरी दीवार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर रहे थे।
तहरीर के अनुसार, जब उनकी पत्नी शकुंतला देवी को इसकी जानकारी हुई और उन्होंने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया तथा जान-माल की धमकी भी दी गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पीड़ित के पति की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दिनेश मिश्रा, कृष्णा मिश्रा, शम्भू मिश्रा तथा प्रेमशीला देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रकरण की जांच की जा रही है तथा जांच के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
