Connect with us

गोरखपुर

नल के पानी के विवाद में युवक की पिटाई, पेड़ में बांधकर मारने का आरोप

Published

on

Loading...
Loading...

गोलबंद मनबढ़ों पर लाठी-डंडे, सरिया और चाकू से हमला करने का आरोप; तीन नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस

गोलाबाजार, गोरखपुर, 9 सितंबर। गोला थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में नल के पानी के विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की पत्नी ने पट्टीदार और उनके साथियों पर पति को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडे, सरिया और चाकू से मारने-पीटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने तीन नामजद समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दरवाजे पर पेड़ से बांधकर पीटने का आरोप

नसीरपुर निवासी सुमन पत्नी शेषनाथ यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 7 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे उनके पट्टीदार विश्वजीत उर्फ रोहित, चंदन यादव पुत्र राजमन, अमन यादव पुत्र सुरेंद्र यादव निवासी ग्राम नेवादा थाना गगहा और कुछ अज्ञात लोग नल के पानी के विवाद को लेकर उनके पति के दरवाजे पर पहुंचे।

आरोप है कि हमलावरों ने शेषनाथ यादव को बेल के पेड़ से बांध दिया और लात, मुक्का, थप्पड़, लाठी, डंडे, चाकू तथा सरिया से मारपीट करने लगे। इस दौरान युवक को गंभीर रूप से पीटने का आरोप है।

ग्रामीणों के जुटने पर भागे आरोपी

तहरीर के मुताबिक, मारपीट के दौरान शोर सुनकर जब गांव के लोग मौके पर जुटने लगे तो आरोपी गाली-गलौज और जान-माल की धमकी देते हुए वहां से भाग गए। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Advertisement

पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन नामजद और कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपों की जांच कर रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page