गाजीपुर
फोटो जर्नलिस्ट विनय प्रकाश यादव के निधन पर गाजीपुर प्रेस क्लब ने जताया शोक
शोकसभा में पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित कर परिजनों के प्रति जताई संवेदना
गाजीपुर। प्रतिष्ठित अखबार के फोटो जर्नलिस्ट एवं गाजीपुर प्रेस क्लब के पूर्व सदस्य विनय प्रकाश यादव के आकस्मिक निधन से पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन पर गाजीपुर प्रेस क्लब परिवार की ओर से शोकसभा आयोजित कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पत्रकारों ने दी श्रद्धांजलि
प्रेस क्लब के संरक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित शोकसभा में पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पत्रकारों ने विनय प्रकाश यादव के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
सरल और मिलनसार व्यक्तित्व को किया याद
शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि विनय प्रकाश यादव लंबे समय से फोटो जर्नलिस्ट के रूप में पत्रकारिता को अपनी सेवाएं दे रहे थे। वह सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। अपनी कार्यशैली और व्यवहार के कारण उन्होंने पत्रकारिता जगत में अलग पहचान बनाई थी। उनके द्वारा खींची गई तस्वीरें और साथी पत्रकारों के साथ उनकी आत्मीय स्मृतियां हमेशा याद की जाएंगी।
प्रेस क्लब पदाधिकारी रहे मौजूद
शोकसभा में गाजीपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष शिवकुमार कुशवाहा, उपाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह, महासचिव कृपा कृष्ण केके, सचिव विनीत दुबे, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा के अलावा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश उपाध्याय, करुणेंद्र कुमार राय, अनिल कुमार, संजीव कुमार, अंजनी कुमार और आरएन राय समेत अन्य पत्रकार मौजूद रहे।
परिवार के प्रति जताई संवेदना
अंत में सभी पत्रकारों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। साथ ही ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
