Uncategorized
गाजीपुर में 4 जून को रोजगार मेले का आयोजन, सुजुकी मोटर्स के लिए 500 पदों पर होगी भर्ती
राजकीय आईटीआई परिसर में होगा प्लेसमेंट इवेंट, युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर
10वीं व आईटीआई पास अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग, 25,300 रुपये तक मिलेगा सीटीसी
गाजीपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 4 जून 2026 को राजकीय आईटीआई, गाजीपुर में प्लेसमेंट इवेंट का आयोजन किया जाएगा। इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कंपनी विजन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से गुजरात स्थित सुजुकी मोटर्स अहमदाबाद के लिए 500 पदों पर भर्ती की जाएगी।
जिला सेवायोजन अधिकारी विवेकानंद सिंह ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में एफटीसी (फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट) पद के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 36 माह के अनुबंध पर नियुक्ति दी जाएगी तथा 25,300 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का 10वीं में न्यूनतम 40 प्रतिशत तथा आईटीआई में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। उम्मीदवार शारीरिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए। मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, ट्रैक्टर मैकेनिक, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, टर्नर, वेल्डर, पेंटर, वायरमैन, शीट मेटल, सीओई ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, टूल एंड डाई, पीपीओ एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर ट्रेड के अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के समय अभ्यर्थियों की आयु 18 से 26 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड की स्वप्रमाणित प्रतियां तथा एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि प्लेसमेंट इवेंट 4 जून को सुबह 10 बजे से शुरू होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय अथवा हेल्पलाइन नंबर 155330 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस भर्ती प्रक्रिया में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।
