Uncategorized
PM पर अजय राय की विवादित टिप्पणी को लेकर गरमाई सियासत
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस नेता पर तीखा हमला बोला है और बयान को बेहद आपत्तिजनक बताया है।
वायरल वीडियो में अजय राय एक कार में बैठे नजर आ रहे हैं। कार आगे बढ़ने के दौरान आसपास मौजूद लोगों से बातचीत करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री को लेकर विवादित टिप्पणी की। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बयान को दोबारा भी दोहराया।
वीडियो सोशल मीडिया पर फैलने के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।भाजपा नेताओं ने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा राजनीतिक विरोधियों के प्रति मर्यादित व्यवहार रखा है।
भाजपा की ओर से यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में अजय राय की सेहत के बारे में चिंता जताई थी, लेकिन उसके बावजूद कांग्रेस नेता ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया।
विवादित वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। भाजपा इसे कांग्रेस की मानसिकता से जोड़कर देख रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
