गाजीपुर
दलदल में फंसी गाय की बची जान, डॉक्टरों की टीम ने किया रेस्क्यू
बिरनो (गाजीपुर) जयदेश। भड़सर ब्लॉक क्षेत्र में सीएनजी पेट्रोल पंप के पास दलदल में फंसी एक गाय को बाहर निकालने के लिए स्थानीय राजगीरों ने काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसी बीच जयदेश समाचार पत्र की टीम मौके पर पहुंची और ग्राउंड रिपोर्टिंग करते हुए पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाई।
बताया जाता है कि जयदेश समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र मिश्रा द्वारा घटना की सूचना जिला पशु चिकित्सा अधिकारी तथा ब्लॉक बिरनो के अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही बिरनो पशु चिकित्सालय के चिकित्साधिकारी डॉ. गुरुदेव मौर्य अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्राम प्रधान भड़सर विनोद गुप्ता के सहयोग तथा राकेश, गोलू और बीरू सहित चिकित्सा मौर्य की टीम के मदद से दलदल में फंसी गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डॉ. मौर्य अपनी निर्धारित बैठक छोड़कर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गौवंश की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। इस पुनीत कार्य के लिए जयदेश समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र मिश्र ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही एवं डॉ. गुरुदेव मौर्य का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यदि हर विभाग में ऐसे संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी कार्य करें, तो आमजन की समस्याओं का समाधान और तेजी से हो सकता है। वहीं, जानकारी के अनुसार संबंधित नोडल अधिकारियों को वीडियो एवं सूचना उपलब्ध कराने के बावजूद अपेक्षित सहयोग नहीं मिला, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
