Connect with us

वाराणसी

महामना मालवीय मिशन की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, स्वर्ण जयंती समारोह और व्याख्यान माला की तैयारियों पर बनी सहमति

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय स्थित मालवीय भवन में मंगलवार को महामना मालवीय मिशन की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक प्रोफेसर रमाशंकर दूबे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के आदर्शों के प्रचार-प्रसार, मिशन के विस्तार और आगामी योजनाओं को लेकर कई अहम प्रस्तावों पर सहमति बनी।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रोफेसर रमाशंकर दूबे ने कहा कि महामना के विचारों और मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना मिशन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय के जीवन, दर्शन और उनके आदर्शों पर आधारित व्यापक व्याख्यान माला का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और समाज के विभिन्न वर्गों को महामना के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।मिशन के सुचारू संचालन के लिए कार्यालय की व्यवस्था हेतु कुलपति से पुनः अनुरोध करने का निर्णय लिया गया। साथ ही ‘मालवीय स्मृति आश्रय स्थल’ के प्रस्ताव को आगे बढ़ाने के लिए कुलपति को स्मरण पत्र भेजने पर भी सहमति बनी।

Advertisement

बैठक में वर्ष 2028 में महामना मालवीय मिशन की स्वर्ण जयंती मनाने की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। मिशन के 50 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर संस्था के गौरवशाली इतिहास के लेखन का कार्य प्रारंभ करने तथा इसके लिए विशेषज्ञ समिति गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया।

जनमानस में नैतिक मूल्यों के प्रसार के उद्देश्य से गीता के श्लोकों को अर्थ सहित होर्डिंग्स के माध्यम से विश्वविद्यालय परिसर के प्रमुख चौराहों पर प्रदर्शित करने का निर्णय भी लिया गया।इसके अलावा महामना के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित 23 खंडों वाले ‘मालवीय वांग्मय’ के लोकार्पण को काशी हिंदू विश्वविद्यालय में शीघ्र आयोजित कराने की योजना को अंतिम रूप दिया गया। बैठक के दौरान पुरानी कार्यकारिणी द्वारा नई कार्यकारिणी को कार्यभार हस्तांतरित करने की प्रक्रिया भी संपन्न हुई।

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष विजय नाथ पाण्डेय, संगठन मंत्री प्रमील पाण्डेय, प्रोफेसर पतंजलि मिश्र, डॉ. दयाशंकर त्रिपाठी, प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार गुप्ता, प्रोफेसर रविंद्र नाथ खरवार, रजनीश राय, जयशंकर पांडे, डॉ. उदय प्रताप भारती, डॉ. हीरालाल पांडे, डॉ. अभिषेक ढोबले सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने मिशन के प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का संकल्प लिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page