गोरखपुर
सहेली संग घर लौट रही छात्रा गायब, जांच में जुटी पुलिस
गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक हाईस्कूल छात्रा के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला उसे बहला-फुसलाकर बिहार लेकर चली गई। घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। सीसी कैमरे के फुटेज में छात्रा महिला के साथ ऑटो से जाते हुए दिखाई दी है। मंगलवार को मां की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है। मां ने आशंका जताई है कि उनकी बेटी को बेचा जा सकता है।
जंगल सालिकराम क्षेत्र की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी शहर के एक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा है। शनिवार को वह स्कूल गई थी। दोपहर करीब 12:30 बजे छुट्टी होने के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर लौट रही थी। रास्ते में रेल विहार चौराहे पर स्थित एक चाय की दुकान पर दोनों रुकीं।
इसी दौरान छात्रा ने अपनी सहेली से कहा कि वह घर वालों से परेशान है और अब वहां नहीं रहना चाहती। चाय की दुकान पर काम करने वाली महिला ने यह बात सुन ली। इसके बाद वह छात्रा के पास पहुंची और उसे अलग ले जाकर बातचीत करने लगी। आरोप है कि बाद में महिला ने कपड़े बदले और छात्रा को ऑटो से रेलवे स्टेशन ले गई, जहां से दोनों बिहार जाने वाली ट्रेन में सवार हो गईं।
उधर, छात्रा के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर छात्रा की मां ने शाहपुर थाने में तहरीर दी। जांच के दौरान पता चला कि छात्रा अपनी सहेली के साथ घर जाने के लिए निकली थी। पुलिस और परिजनों ने जब सहेली से पूछताछ की तो पूरा घटनाक्रम सामने आया।
चाय की दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर महिला छात्रा को ऑटो से ले जाते हुए दिखाई दी। बेटी के गायब होने के बाद परिवार के लोग परेशान हैं। मां ने आशंका जताई है कि छात्रा को ले जाने वाली महिला उसे बेच सकती है।
थानाध्यक्ष शाहपुर राकेश रोशन सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर छात्रा की तलाश की जा रही है। जल्द ही छात्रा को बरामद कर महिला को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
