खेल
CSK vs MI : चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से हराया
नई दिल्ली। आईपीएल के 44वें मुकाबले में Chennai Super Kings ने Mumbai Indians को 8 विकेट से हराकर सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 159 रन बनाए, जिसके जवाब में चेन्नई ने 18.1 ओवर में 2 विकेट खोकर 160 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। टीम की ओर से नमनधीर ने 37 गेंदों में 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि रिकल्टन ने 37 रन जोड़े। सूर्यकुमार यादव ने 12 गेंदों में 21 रन बनाए और कप्तान हार्दिक पांड्या 23 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। निर्धारित 20 ओवर में मुंबई की टीम 159 रन ही बना सकी। चेन्नई की ओर से अंशुल कंबोज ने तीन विकेट लिए, नूर अहमद को दो सफलता मिली, जबकि रामकृष्ण घोष और जेमी ओवर्टन ने एक-एक विकेट हासिल किया।

160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत धीमी रही और संजू सैमसन 11 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उर्विल पटेल के साथ मिलकर पारी को संभाला। उर्विल पटेल 12 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन गायकवाड़ ने एक छोर थामे रखा। बाद में कार्तिक शर्मा ने उनका अच्छा साथ दिया और दोनों के बीच मजबूत साझेदारी बनी।
ऋतुराज गायकवाड़ ने 48 गेंदों में 67 रन की पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। कार्तिक शर्मा ने 40 गेंदों में 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को 18.1 ओवर में ही जीत दिला दी। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह और गजनफर को एक-एक विकेट मिला।

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में सातवें स्थान से छठे स्थान पर पहुंच गई है। टीम ने अब तक 9 मैचों में 4 जीत और 5 हार के साथ 8 अंक हासिल किए हैं और रन रेट भी सकारात्मक हो गया है। वहीं मुंबई इंडियंस 9 मैचों में 7 हार और 2 जीत के साथ नौवें स्थान पर बनी हुई है।
Indian Premier League में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों के इतिहास पर नजर डालें तो मुंबई इंडियंस ने चेन्नई को अब तक 21 बार हराया है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 मैचों में जीत दर्ज की है। हालांकि 2023 के बाद चेन्नई ने मुंबई पर 6-1 की बढ़त बनाई हुई है।
