खेल
GT vs PBKS : गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को चार विकेट से हराया
नई दिल्ली। आईपीएल के 46वें मुकाबले में रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मैच में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से पराजित कर दिया। पंजाब किंग्स द्वारा दिए गए 164 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने एक गेंद शेष रहते 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 167 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए थे।

पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने पहले ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए। प्रियांश आर्या 2 रन बनाकर और कूपर कोनली बिना खाता खोले आउट हो गए। मोहम्मद सिराज हैट्रिक से चूक गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह 14 गेंद में 15 रन बनाकर आउट हुए, जबकि नेहल वढेरा खाता नहीं खोल सके। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 21 गेंद में 19 रन बनाए। मध्यक्रम में सूर्यांश शेडगे ने 29 गेंद में 57 रनों की तेज पारी खेली, जिसमें तीन चौके और पांच छक्के शामिल रहे। मार्कस स्टायनिस ने 31 गेंद में 40 रन का योगदान दिया, जिससे टीम 163 के स्कोर तक पहुंच सकी।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी झटके के साथ हुई और कप्तान शुभमन गिल 5 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 41 गेंद में 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। जोस बटलर ने 22 गेंद में 26 रन बनाए, जबकि निशांत सिंधु ने 11 गेंद में 15 रन का योगदान दिया। मैच के अंतिम चरण में राहुल तेवतिया 6 गेंद में 2 रन बनाकर आउट हुए और जेसन होल्डर 7 गेंद में 5 रन ही बना सके। हालांकि अंत में गुजरात ने संयम बनाए रखते हुए आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।


इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने आईपीएल (Indian Premier League) में 10 मैचों में अपनी छठी जीत दर्ज की, जबकि पंजाब किंग्स को आठ मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा। मैच से पहले टॉस जीतकर गुजरात के कप्तान शुभमन गिल ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया था। टीम में निशांत सिंधु को पदार्पण का मौका मिला, जबकि पंजाब की ओर से जेवियर बार्टलेट की वापसी हुई।

मुकाबले में उतार-चढ़ाव के बीच अंत तक बना रोमांच दर्शकों को बांधे रहा और अंतिम गेंद तक चले इस मैच में गुजरात टाइटंस ने बाजी मार ली।
