Connect with us

वाराणसी

प्रधानमंत्री ने काशी विश्वनाथ में विधि-विधान से की पूजा

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी प्रवास के दूसरे दिन बुधवार सुबह श्री काशी विश्वनाथ धाम में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट रवाना हो गए।

बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के बाद सुबह प्रधानमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर काशी की स्थिति की जानकारी ली। इसके उपरांत वे बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे, जहां उनका स्वागत त्रिशूल और डमरू भेंट कर किया गया। मंदिर परिसर में 51 ब्राह्मणों ने शंखध्वनि के साथ उनकी अगवानी की।

गर्भगृह में पुजारी संजय पांडेय, ओमप्रकाश मिश्र और सहायक पुजारी अंकित भारती के सानिध्य में प्रधानमंत्री ने षोडशोपचार विधि से पूजन-अर्चन और रुद्राभिषेक किया। इस दौरान विधायक सौरभ श्रीवास्तव और महापौर अशोक तिवारी ने भी उन्हें प्रतीक स्वरूप भेंट प्रदान की।

Advertisement

दर्शन-पूजन के उपरांत प्रधानमंत्री ने मंदिर परिसर में स्थापित विक्रमादित्य वैदिक घड़ी का अवलोकन किया और उसकी कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी प्राप्त की। गंगा घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। परिसर में मौजूद बच्चों से भी उन्होंने संक्षिप्त बातचीत की।

इसके बाद प्रधानमंत्री बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वे सुबह लगभग 10:45 बजे गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण कार्यक्रम के लिए रवाना हुए। उनके आगमन और प्रस्थान के दौरान एयरपोर्ट पर समर्थकों की भीड़ जुटी रही और पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट प्रधानमंत्री के प्रस्थान के बाद रवाना हुई, जबकि दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान लगभग एक घंटे विलंब से उड़ी। वहीं चेन्नई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी करीब एक घंटे देरी से लैंड कर सकी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page