पूर्वांचल
शादी समारोह में दो पक्षों के बीच मारपीट, पुलिस अधीक्षक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
संतकबीर नगर। 26/27 अप्रैल 2026 की रात्रि में थाना धनघटा क्षेत्रांतर्गत ग्राम गायघाट में एक शादी समारोह के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत जानकारी ली तथा मौके पर मौजूद लोगों से भी बातचीत कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो बाद में विवाद का रूप ले बैठी। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस द्वारा दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा संबंधित व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
