पूर्वांचल
छज्जा गिरने से बुजुर्ग महिला की मौत, चार घायल
शादी की खुशियां मातम में बदलीं
संतकबीरनगर। जनपद के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत उमरी खुर्द गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव को शोक में डाल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमरी खुर्द निवासी हरिश्चंद्र राजभर के घर में उनकी पुत्री का विवाह समारोह था और मंगलवार को बारात आनी थी। सुबह करीब 8:30 बजे घर पर टेंट और लाइट की सजावट का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मकान का पुराना और जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद कई लोग मलबे के नीचे दब गए।इस हादसे में कुसुम उर्फ राजमती (70 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही खलीलाबाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और मलबा हटवाकर स्थिति को नियंत्रण में कराया।क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राज शेखर पांडेय ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
