अपराध
रिजल्ट का डर पड़ा भारी, फर्स्ट डिवीजन से पास होने से पहले ही छात्रा ने दी जान
बस्ती। यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा परिणाम घोषित होने से कुछ घंटे पहले लालगंज कस्बे में एक छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। परिणाम जारी होने के बाद पता चला कि छात्रा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुई थी, जिससे घटना ने सभी को झकझोर दिया।
जानकारी के अनुसार लालगंज निवासी छोटेलाल प्रजापति घर से कुछ दूरी पर एक टंकी में किराने की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी पत्नी पुष्पा देवी कुदरहा ब्लॉक में आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं। घटना के समय वह अपने बेटे के साथ एक मीटिंग में गई हुई थीं और घर पर उनकी 14 वर्षीय बेटी ज्योति अकेली थी।
बताया गया कि यूपी बोर्ड का परिणाम घोषित होने से लगभग दो घंटे पहले ही छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते घर के एक कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचित किया गया।
परिणाम जारी होने के बाद परिजनों को ज्ञात हुआ कि ज्योति ने हाईस्कूल परीक्षा में 63 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की थी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लालगंज थाना प्रभारी विनय कुमार पाठक ने बताया कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
