Connect with us

गाजीपुर

राज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का अनावरण

Published

on

Loading...
Loading...

जखनियां (गाजीपुर) जयदेश। प्रतिभा अनावरण सम्मान समारोह के अवसर पर जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल श्री मनोज सिन्हा ने स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें क्षेत्र की महान विभूति बताया।

राज्यपाल ने कहा कि स्वर्गीय विजय बहादुर सिंह ने जखनियां तहसील क्षेत्र में शिक्षा, समाजसेवा और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने न केवल शिक्षण संस्थानों की स्थापना में योगदान दिया, बल्कि रेलवे स्टेशन की स्थापना जैसे कार्य भी उनके दृढ़ संकल्प का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि असंभव को संभव बनाने वाली ऐसी महान आत्मा को बार-बार नमन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें अवसर देने की है। स्व. सिंह ने क्षेत्र के लोगों से सहयोग लेकर विद्यालयों और डिग्री कॉलेजों की स्थापना कर शिक्षा का दीप जलाया। उनका जीवन त्याग, परिश्रम और समाज सेवा का उदाहरण रहा।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में देश के विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत डिजिटल इंडिया, आवास, शौचालय, मेडिकल कॉलेज और नई शिक्षा नीति के माध्यम से निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए समाज के हर व्यक्ति को स्व. विजय बहादुर सिंह जैसे प्रेरणादायक कार्य करने चाहिए।

Advertisement

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य द्वारा राज्यपाल को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं संस्थापक प्रधानाचार्य श्री परमानंद मिश्रा को मंच पर सम्मानित किया गया। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व एवं वर्तमान जिला अध्यक्षों को भी बुके, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

बालकृष्ण यति डिग्री कॉलेज हथियाराम के प्राचार्य डॉ. रत्नाकर त्रिपाठी ने राज्यपाल का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपने जम्मू-कश्मीर जैसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में अपनी कार्यशैली, पारदर्शिता और कुशल नेतृत्व से लोकतंत्र को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि आपके बीच उपस्थित होना गौरव की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी सोच को समाज में आगे बढ़ाने वाले लोगों का सम्मान होना चाहिए।

कार्यक्रम में डॉ. विजेंद्र प्रताप पांडे ने मुख्य अतिथि एवं सभी आगंतुकों का स्वागत किया। विद्यालय कोर कमेटी के पदाधिकारी श्री विपिन पांडे ने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

स्व. विजय बहादुर सिंह के छोटे पुत्र अनिल सिंह ने कहा कि उनके पिता बेहद ईमानदार, कर्मठ और समाजहित में समर्पित व्यक्ति थे। वे दूसरों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे और समाज को कुछ देने की सोच रखते थे।

संचालन डॉक्टर संतोष मिश्रा ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, पूर्व प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page