वाराणसी
Varanasi Airport : आधुनिक सुविधाओं का विस्तार, उड़ान यात्री कैफे और फ्री वाई-फाई की शुरुआत
वाराणसी। नागरिक उड्डयन क्षेत्र में यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरप्पू राम मोहन नायडू ने राजकोट से वर्चुअल माध्यम के जरिए लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा समेत देश के विभिन्न हवाई अड्डों पर आधुनिक यात्री सुविधाओं और अवसंरचना उन्नयन कार्यों का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर एक बजे वंदे मातरम् के साथ हुआ, जिसके बाद मंत्री ने उड़ान यात्री कैफे, निःशुल्क वाई-फाई सेवा, अवसर आउटलेट्स सहित अन्य सुविधाओं का विधिवत लोकार्पण किया। इस पहल के तहत देशभर के एयरपोर्ट पर एक साथ कई नई सेवाओं की शुरुआत की गई। ‘उड़ान यात्री कैफे’ के माध्यम से यात्रियों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
निःशुल्क वाई-फाई सुविधा शुरू होने से यात्रियों को बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी मिलेगी, वहीं ‘अवसर’ आउटलेट्स के जरिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किया गया है। इससे ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित होंगे।
इसके अतिरिक्त, विभिन्न एयरपोर्ट पर किए गए अवसंरचना उन्नयन से संचालन क्षमता, सुरक्षा व्यवस्था और यात्री सुविधाओं में व्यापक सुधार होने की उम्मीद जताई गई है। इससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और आधुनिक यात्रा अनुभव प्राप्त होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल देश के विमानन क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास को और गति देगी।
एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि नई सुविधाओं के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और वाराणसी एयरपोर्ट की पहचान एक आधुनिक एवं यात्री अनुकूल हवाई अड्डे के रूप में और मजबूत होगी।
