Connect with us

जौनपुर

जमानत पर छूटे आरोपी की चाकू घोंपकर हत्या, सड़क किनारे फेंका शव

Published

on

Loading...
Loading...

जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज वारदात में हत्या के आरोपी युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई और सिरकोनी टोल प्लाजा से कुछ कदम की दूरी पर हाईवे से जोड़ने वाली सड़क के किनारे शव फेंक दिया गया। बताया जा रहा है कि युवक शराब खरीदने गया था, तभी 12 से अधिक लोगों ने उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए वह गांव की ओर भागा और कई घरों में छिपने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। अंततः उसे एक छप्पर में गिराकर चाकू से कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर शव को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान संघईपुर गांव निवासी आशीष उर्फ चिघडू चौहान पुत्र अरविंद चौहान के रूप में हुई है, जो अपने पिता के साथ खेती करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्व में एक मामूली विवाद के दौरान अरविंद चौहान को पड़ोसी रोहित चौहान के पिता, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, उन्होंने थप्पड़ मार दिया था। इस घटना से नाराज होकर आशीष ने 23 सितंबर 2024 को बाग में बैठे रोहित की 12-15 लोगों के सामने गला रेतकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद से रोहित का परिवार गांव छोड़कर फरार हो गया था।

बताया गया कि आशीष करीब छह महीने पहले जमानत पर जेल से छूटकर आया था और इन दिनों मड़ियाहूं स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। बुधवार को वह बन्दीपुर स्थित शराब ठेके के पास मौजूद था, तभी एक दर्जन से अधिक युवक वहां पहुंचे और उसे दौड़ा लिया। पीछा करते हुए हमलावरों ने उसे सिरकोनी गांव में घेर लिया। वह बचने के लिए कई स्थानों पर छिपने का प्रयास करता रहा, लेकिन अंततः गुल्लू मौर्य के घर के पीछे एक मड़हे में उसे पकड़ लिया गया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी गई।

Advertisement

घटना के बाद गांव वालों के शोर मचाने पर हमलावर शव को उठाकर बन्दीपुर से हाइवे की ओर जाने वाली सड़क पर फेंककर फरार हो गए। सूचना मिलने पर थानाप्रभारी गजानन्द चौबे व उप निरीक्षक सुजीत ओझा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्रभारी निरीक्षक गजानंद चौबे ने बताया कि सिरकोनी गांव में हत्या की सूचना प्राप्त हुई है, जिसमें चार से पांच लोगों के नाम सामने आए हैं। मामले की जांच की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page