गाजीपुर
भीमापार से देवापार तक गूंजी देशभक्ति, भाजपा ने निकाली तिरंगा यात्रा
सैकड़ों बाइक सवार युवाओं ने लिया हिस्सा, शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर अर्पित किए पुष्प
भीमापार (गाजीपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के सम्मान में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सादात दक्षिणी मंडल के भीमापार से देवापार स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक निकली यात्रा में सैकड़ों बाइक सवार युवा शामिल हुए।

गांधी प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण बिहारी राय के नेतृत्व में यात्रा जोगीवीर से शुरू हुई। भीमापार पहुंचने पर गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद यात्रा देवापार पहुंची, जहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर यात्रा का समापन किया गया।
तिरंगे के साथ लगाए जयकारे
हाथों में तिरंगा लेकर शामिल युवाओं ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। राष्ट्रभक्ति गीतों से पूरा मार्ग देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा।

कृष्ण बिहारी राय ने कहा कि तिरंगा भारत की स्वतंत्रता, स्वाभिमान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। शहीदों और वीर सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
यात्रा में मंडल अध्यक्ष दिलीप पाण्डेय, पूर्व जिला उपाध्यक्ष रघुवंश सिंह पप्पू, अरुण कन्नौजिया, रघुवर दयाल राजभर, अशोक प्रजापति, जिला मंत्री मारकंडेय चौहान, अभय सिंह टन्नी, पंचदेव गोड़, राजेश गोंड, शिवम मद्धेशिया, संजय यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
