वाराणसी
फुट ओवर ब्रिज निर्माण के दौरान हाईवे पर दो घंटे यातायात बाधित
वाराणसी। मोहनसराय हाईवे स्थित चौराहे पर पैदल राहगीरों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे फुट ओवर ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार की भोर से सुबह 7 बजे तक करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। क्रेन के माध्यम से ब्रिज की संरचना को पिलरों पर स्थापित करने की प्रक्रिया के चलते हाईवे और सर्विस रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, फुट ओवर ब्रिज निर्माण के लिए लोहे के गटर को पहले से ही जमीन पर वेल्डिंग कर दो हिस्सों में तैयार किया गया था। इन्हें हाईवे पर निर्मित पिलरों पर स्थापित करने के लिए कर्मचारियों ने यातायात को रोक दिया। इसके बाद चार क्रेनों की सहायता से दोनों ओर बने लोहे के पिलरों पर इन संरचनाओं को सावधानीपूर्वक रखा और सेट किया गया। लगभग दो घंटे बाद कार्य पूरा होने पर वाहनों का आवागमन पुनः सामान्य रूप से शुरू हो सका।
