Connect with us

वाराणसी

मरम्मत के बहाने 92 लाख के गहनों की धोखाधड़ी, सराफा कारोबारी समेत छह पर केस

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। आभूषणों की कथित धोखाधड़ी के मामले में सराफा कारोबारी प्रशांत सिंह उर्फ सागर समेत छह लोगों के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह कार्रवाई जैतपुरा थाना क्षेत्र के हुकुलगंज बघवानाला निवासी तलाश कुमार श्रीवास्तव की तहरीर पर की गई।

तलाश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अर्दली बाजार स्थित चंद्र आभूषण भंडार में अपने पुराने सोने के आभूषण मरम्मत कराने और नए डिजाइन में बनवाने के लिए दिए थे। उनके अनुसार करीब 92.64 लाख रुपये मूल्य के आभूषणों को नए डिजाइन में तैयार कराने के नाम पर 6 अगस्त 2020 को चेक के माध्यम से सात लाख रुपये भी भुगतान किया गया था। कुछ समय बाद जब उन्हें आभूषण वापस मिले तो उनका रंग पीले से काला पड़ने लगा और पॉलिश भी उखड़ने लगी।

Loading...

इस पर संदेह होने पर जब उन्होंने आभूषणों की जांच कराई तो पता चला कि असली सोने के गहनों की जगह नकली आभूषण दे दिए गए हैं। शिकायत करने पर दुकान के मालिक प्रशांत सिंह उर्फ सागर ने कुछ आभूषण दोबारा अपने पास ले लिए और 20 से 25 दिनों के भीतर सही आभूषण लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इसके बाद वह लगातार अलग-अलग बहाने बनाकर टालता रहा।

पीड़ित के मुताबिक बाद में आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक स्टांप भेजकर समझौता करने की बात कही, लेकिन जब उसकी जांच कराई गई तो वह स्टांप भी नकली पाया गया। इस मामले में कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि प्रशांत सिंह उर्फ सागर, कृष्ण सिंह, आकाश सिंह, शशांक प्रसून, अनूप सराफा और राजेश सेठ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page