वाराणसी
इंटरनेट और डिश टीवी के केबल होंगे अंडरग्राउंड, सड़कों से हटेगा तारों का जाल
वाराणसी। शहर की सूरत बिगाड़ रहे बिजली और इंटरनेट के बेतरतीब तारों के जाल से जल्द ही राहत मिलने की संभावना है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में रिलायंस जियो, एयरटेल, वोडाफोन, बीएसएनएल और जीटीपीएल सहित प्रमुख केबल कंपनियों ने शहर को केबल मुक्त बनाने की योजना को मंजूरी दे दी। बैठक के दौरान कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी माना कि सड़कों और गलियों में फैले तारों के जाल से काशी आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के मन में शहर की नकारात्मक छवि बनती है।
स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत जिन क्षेत्रों में अंडरग्राउंड ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) की सुविधा उपलब्ध है, वहां सभी एजेंसियां अपने ओवरहेड तारों को हटाकर उन्हें भूमिगत नेटवर्क से जोड़ेंगी। इसके साथ ही सीएम ग्रिड योजना के तहत तैयार किए गए यूटिलिटी डक्ट का उपयोग भी केबल बिछाने के लिए किया जाएगा।
खंभों पर लटके तारों के गुच्छों को व्यवस्थित करने के लिए एयरटेल की ओर से विशेष ‘वायर कवरिंग बॉक्स’ का मॉडल प्रस्तुत किया गया है। प्रारंभिक चरण में लहुराबीर से मैदागिन, मैदागिन से गोदौलिया और कालभैरव मंदिर मार्ग जैसे प्रमुख मार्गों पर इन बॉक्स का प्रयोग किया जाएगा। यह प्रयोग सफल रहने पर व्यवस्था को पूरे शहर में लागू करने की योजना है।
वहीं मणिकर्णिका घाट और ठठेरी बाजार जैसी तंग गलियों में, जहां खंभों की व्यवस्था नहीं है, वहां स्थानीय भवन स्वामियों के सहयोग से दीवारों पर क्लैंप लगाकर तारों को व्यवस्थित किया जाएगा। नगर निगम ने इस कार्य को सफल बनाने के लिए नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है।
