वाराणसी
Varanasi Airport : पुणे जाने वाली फ्लाइट में पांच घंटे की देरी से भड़के यात्री
वाराणसी। जनपद के बाबतपुर के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान में करीब पांच घंटे की देरी होने से यात्रियों में नाराजगी फैल गई। लंबे इंतजार से परेशान यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में हंगामा करते हुए एयरलाइंस प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया और जल्द उड़ान शुरू कराने की मांग की।
जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट की फ्लाइट एसजी-525 पुणे से दोपहर 2:25 बजे वाराणसी पहुंचती है और इसके बाद यही विमान एसजी-226 बनकर वाराणसी से पुणे के लिए रवाना होता है। लेकिन ऑपरेशनल कारणों के चलते विमान के आने में लगभग पांच घंटे की देरी हो गई, जिसके कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
इस दौरान कुछ यात्रियों ने एयरपोर्ट परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए एयरलाइंस के प्रति नाराजगी व्यक्त की। एयरलाइंस कर्मचारियों ने यात्रियों को समझाने का प्रयास किया और उड़ान में देरी का कारण ऑपरेशनल बताया।
अधिकारियों के मुताबिक विमान बीती शाम करीब सात बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद यात्रियों की बोर्डिंग प्रक्रिया शुरू कराई गई और बीती रात करीब 8:30 बजे फ्लाइट पुणे के लिए रवाना हुई।
घटना के दौरान नाराज यात्रियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया। वायरल वीडियो में एक यात्री एयरलाइन कर्मचारियों से गेट नंबर बदलने और उड़ान में देरी का कारण पूछता दिखाई दे रहा है। इस पर एयरलाइन कर्मी ने बताया कि विमान में तकनीकी कारण आने की वजह से उड़ान में देरी हुई।
