गाजीपुर
हाईकोर्ट के आदेश पर 25 साल बाद मिला रामबली को कब्जा
दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। अमारी ग्राम सभा में 25 वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जे को हाईकोर्ट के आदेश पर मंगलवार को राजस्व विभाग तथा पुलिस प्रशासन ने मौके पर दीवाल सहित अवैध कब्जा हटवाते हुए मूल मालिक रामबली को कब्जा दिलवा दिया। यह कार्रवाई हाईकोर्ट के निर्देश पर उपजिलाधिकारी जखनिया के आदेश से पुलिस व राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में की गई।
राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह ने बताया कि मटुकपुर गांव निवासी रामबली राम की जमीन अमारी गांव से है, लेकिन गांव के ही काशीराम का उनकी जमीन पर पिछले 25 साल से अवैध कब्जा था। रामबली राम द्वारा बीते नवंबर माह में अपने जमीन का धारा 24 के अंतर्गत पक्की पैमाइश कराने का आदेश प्राप्त किया गया था। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पैमाइश कर फील्डबुक बनाकर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया।
रिपोर्ट का संज्ञान लेते हुए हाईकोर्ट के निर्देश पर मंगलवार को राजस्व विभाग तथा पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर काशीराम द्वारा किया अवैध कब्जा हटवाते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करा कर रामबली को कब्जा दिला दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी में बैकहोलोडर चलाकर अवैध निर्माण को हटाया गया।
इस दौरान राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र सिंह, जितेंद्र सिंह तथा लेखपाल सौरभ सिंह, आशुतोष पांडेय के साथ ग्रामीण रामबली, काशी, जगजीवन, अनिल समेत कई लोग मौके पर मौजूद रहे।
