वायरल
देवरिया में बरहज–सोनूघाट मार्ग बनेगा फोरलेन, मऊ-वाराणसी और बिहार की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
21.75 किमी सड़क का होगा चौड़ीकरण
देवरिया। जनपद मुख्यालय को क्षेत्रीय और अंतरजनपदीय संपर्क देने वाले बरहज–सोनूघाट मार्ग के फोरलेन निर्माण को शासन से मंजूरी मिल गई है। करीब 170 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना की टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि होली के बाद निर्माण कार्य धरातल पर शुरू कर दिया जाएगा। लंबे समय से जर्जर और संकरी इस सड़क के चौड़ीकरण की मांग स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि करते रहे हैं।
करीब 21.75 किलोमीटर लंबा यह मार्ग देवरिया को बरहज होते हुए रामजानकी मार्ग से जोड़ता है। इसी रास्ते से वाराणसी, मऊ, आजमगढ़ के साथ-साथ बिहार की ओर भी आवागमन होता है। प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, ट्रक और भारी वाहन इस मार्ग से गुजरते हैं, जिससे सड़क पर दबाव लगातार बढ़ता गया। संकरी सड़क के कारण आए दिन जाम और दुर्घटनाएँ होती रही हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
पहले लोक निर्माण विभाग ने इसे 10 मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव भेजा था और तकनीकी स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शासन ने इसे फोरलेन के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया। नई सड़क आधुनिक मानकों के अनुरूप बनाई जाएगी, जिससे भारी वाहनों का संचालन सुगम होगा और यात्रा अधिक सुरक्षित बन सकेगी।
फोरलेन सड़क को बरहज के लवकही बाइपास पर रामजानकी मार्ग से जोड़ा जाएगा। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। दो प्रमुख फोरलेन मार्गों के जुड़ने से आवागमन आसान होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस परियोजना से आसपास के सैकड़ों गाँवों, एक नगर पालिका और एक नगर पंचायत को सीधा लाभ मिलेगा।
इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने में जनप्रतिनिधियों ने भी प्रयास किए। सड़क के फोरलेन बनने से जाम और दुर्घटनाओं में कमी आएगी, लोगों का समय बचेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। कुल मिलाकर, बरहज–सोनूघाट मार्ग का चौड़ीकरण देवरिया जिले के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।
