Connect with us

गोरखपुर

अज्ञात महिला का निर्वस्त्र शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

Published

on

गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब पीपीगंज–जसवल मार्ग पर बरघट्टा पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव मिला। सुबह टहलने निकले लोगों ने पुल के नीचे शव देखा तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव के आसपास कोई पहचान से जुड़ा दस्तावेज या सामान नहीं मिला, जिससे मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने के उद्देश्य से पुल के नीचे फेंका गया है। घटनास्थल की स्थिति और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं क्षेत्र के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से भी मिलान किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र प्रसाद ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि मृतका की पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पुलिस टीम को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।

Advertisement

फिलहाल यह रहस्यमय घटना कई सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का दावा है कि साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले की कड़ियां जोड़ी जाएंगी और सच्चाई सामने लाई जायेगी।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page