राज्य-राजधानी
कप्तानगंज में सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान
बाइक चालकों को हेलमेट पहनने की दी गई सलाह
कप्तानगंज (बस्ती)। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान हाइवे देवदूत जनपद के गुड समैरिटन राहवीर देवदूत प्रमोद ओझा ने कप्तानगंज क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार लोगों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान देवदूत प्रमोद ओझा ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें सिर में गंभीर चोट लगने के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं है, बल्कि यह एक जीवन रक्षक सुरक्षा कवच है।
उन्होंने मोटरसाइकिल चालकों से अपील की कि वे स्वयं हेलमेट पहनें और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनाएं। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचने की सलाह दी।
देवदूत प्रमोद ओझा ने यह भी कहा कि सड़क पर घायल व्यक्ति की मदद करना हर नागरिक का कर्तव्य है। गुड समैरिटन कानून के तहत मदद करने वाले व्यक्ति को किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता, इसलिए लोग निसंकोच होकर दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करें।
इस जागरूकता अभियान से स्थानीय लोगों में सकारात्मक संदेश गया और कई मोटरसाइकिल चालकों ने भविष्य में नियमित रूप से हेलमेट पहनने का संकल्प लिया। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे अभियानों को लगातार चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
