Connect with us

गाजीपुर

हॉकी विश्व कप खेलकर लौटे अजीत यादव का सिधौना में जोरदार स्वागत, भारत ने जीता कांस्य पदक

Published

on

सिधौना (गाजीपुर) जयदेश। चेन्नई में आयोजित हॉकी विश्व कप 2025 की प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व कर भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर लौटे गाजीपुर जनपद के होनहार खिलाड़ी अजीत यादव का सैदपुर क्षेत्र से सिधौना से गुजरने के क्रम में जोरदार स्वागत किया गया। प्रतियोगिता 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चली, जिसमें अजीत यादव ने जूनियर भारतीय हॉकी टीम के सदस्य के रूप में शानदार प्रदर्शन किया।

चेन्नई में आयोजित इस हॉकी विश्व कप प्रतियोगिता में जर्मनी ने खिताब अपने नाम किया, जबकि स्पेन उपविजेता रहा। वहीं भारत ने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद जब अजीत यादव अपने गृह जनपद लौट रहे थे, उसी दौरान सिधौना में खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।

भदैला मठिया गांव निवासी अजीत यादव एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता खेती कर परिवार का भरण–पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कभी बेटे को हॉकी खेलने से नहीं रोका, बल्कि हर परिस्थिति में उसका हौसला बढ़ाया। पिता के इसी सहयोग और विश्वास ने अजीत को इस मुकाम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अजीत यादव ने प्रारंभिक शिक्षा मेघबरन सिंह विद्यालय से प्राप्त की। यहीं से हॉकी के प्रति उनका झुकाव और मेहनत की नींव पड़ी। बाद में उन्होंने ओलंपियन विजेता हॉकी अकादमी मेघबरन सिंह में प्रशिक्षण लेकर अपने खेल को निखारा। इसके साथ ही वह लखनऊ स्पोर्ट्स कॉलेज में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं।

Advertisement

सिधौना में हुए स्वागत के दौरान डॉ. विजय यादव पूर्व विधान परिषद सदस्य , दीना यादव, कन्हैया यादव, दयाशंकर सिंह ‘दयालू’ और अरविन्द गुप्ता ‘जलेबी’ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने अजीत यादव को माला पहनाकर और शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हॉकी अकादमी के संचालक अनिकेत सिंह ने कहा कि अजीत यादव का यह प्रदर्शन क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाले समय में वह और भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगे।

अजीत यादव की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी कठिन परिश्रम, अनुशासन और परिवार के सहयोग से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page