Connect with us

चन्दौली

धूमधाम से मना देवों के अवतरण का पर्व देव दीपावली

Published

on

श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर, श्री महावीर मंदिर सहित अन्य मंदिर दीपों से रहे जगमग

चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का पर्व जनपद सहित नगर पंचायत में बुधवार को हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान असंख्य दीपों से तालाब, पोखरा, सरोवर व मंदिर परिसर जगमगा उठे। आस्थावान भक्तों ने सांयकाल में विभिन्न तालाब, पोखरा व मंदिरों पर पहुंचकर दीप प्रज्ज्वलित कर श्री हरि विष्णु की उपासना की।

बताते चलें कि देवों के अवतरण का पर्व देव दीपावली को लेकर बुधवार की प्रातःकाल से ही जनपद सहित नगर में काफी चहल-पहल बनी रही। इस दौरान तालाब, पोखरा व मंदिर परिसरों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था।

सांयकाल में नगर स्थित श्रीराम जानकी शिव मठ मंदिर, श्री महावीर मंदिर, रेलवे स्टेशन के समीप स्थित मां काली मंदिर पोखरा, सावजी पोखरा, मां संतोषी मंदिर व शंकर मोड़ स्थित मां सती मंदिर सहित अन्य मंदिरों व तालाबों पर दीप जलाए गए। असंख्य दीपों से जगमग मंदिर परिसर व तालाबों पर विभिन्न प्रकार की रंगोलियां भी बनाई गई थीं।

वहीं लोगों ने अपने-अपने घरों पर दीपक व मोमबत्तियां जलाकर देव दीपावली का पर्व मनाया। देव दीपावली पर्व पर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो सभी देवता धरती पर उतर आए हों।

Advertisement

पौराणिक कथा के अनुसार, देव दीपावली के दिन भगवान शिव शंकर ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का अंत किया था। तभी से भगवान शिव का ‘त्रिपुरारी’ नाम भी पड़ा। वहीं श्रीहरि विष्णु ने भी इसी दिन मत्स्य अवतार धारण किया था। इसी उपलक्ष्य में देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है।

बुधवार को महावीर क्लब दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में 2120 दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली का पर्व मनाया गया। साथ ही मंदिर में भव्य आरती-पूजन के पश्चात प्रसाद का वितरण किया गया। दीप प्रज्ज्वलन का दृश्य देखकर श्रद्धालुओं में उत्साह व्याप्त रहा।

इस मौके पर मंदिर के पुजारी वरुण तिवारी, आशीष चौरसिया, दिलीप केसरी, अमित मोदनवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page