गोरखपुर
छठी मैया की प्रतिमा के समक्ष महिलाओं ने किया हवन
जयघोषों से गूंजा पूरा क्षेत्र, भक्ति से सराबोर रहा वातावरण
गोरखपुर। आर्य नगर उतरी कुर्मियानटोला स्थित श्री श्री छठ पूजा डीहराज समिति की ओर से बुधवार को छठ महापर्व के पावन अवसर पर भक्तिमय वातावरण में भव्य हवन का आयोजन किया गया। सुबह से ही क्षेत्र की महिलाएँ पारंपरिक वेशभूषा में सज-संवर कर छठी मैया की प्रतिमा के समक्ष एकत्र हुईं। हाथों में पूजन थाल, सिर पर चुनरी और अधरों पर छठ गीतों की मधुर गूंज के साथ पूरा परिसर आस्था से भर उठा।
हवन की वेद मंत्रों से आरंभ हुई यह पूजा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, वातावरण और भी पवित्र होता गया। जब महिलाओं ने एक स्वर में “छठी मइया की जय” का जयघोष किया, तो मानो पूरा इलाका भक्ति रस में डूब गया। हवन कुंड में दी गई प्रत्येक आहुति के साथ परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज की उन्नति की कामनाएँ की गईं।
सुगंधित धूप, पुष्पों की महक और मंत्रोच्चार से सारा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया। पूजा के उपरांत महिलाओं ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित किया और छठी मैया से मंगल आशीर्वाद की प्रार्थना की। कार्यक्रम के सफल संचालन में समिति की महिलाओं व कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
