बलिया
बैरिया में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी
बलिया। बैरिया क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी की रात जैसे ही बारह बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्म का समय हुआ, पूरा क्षेत्र भय प्रगट कृपाला के भजनों और जयकारों से गूंज उठा। ग्रामीणों ने घरों और मंदिरों में विशेष सजावट की थी। जगह-जगह भजन-कीर्तन और झांकियों का आयोजन किया गया।मिश्र के हाता स्थित मां काली मंदिर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए।
वहां ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भक्तों ने भक्ति गीत गाकर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया। श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में पुष्प अर्पित किए और उनकी आरती उतारी।
इस दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।ग्रामीणों ने इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गांव की गलियां रोशनी और सजावट से जगमगा उठीं। जन्माष्टमी के अवसर पर भक्तों ने उपवास रखा और मध्यरात्रि में प्रसाद वितरण किया।इस तरह बैरिया में जन्माष्टमी का पर्व भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ।
