चन्दौली
जल जमाव से परेशान वार्डवासियों ने सड़क पर उतरने की दी चेतावनी

अधिकारियों पर लगाया आरोप, सांसद व विधायक के निवास के आसपास सड़क व नालियों का देते हैं ध्यान
पीडीडीयू नगर (चंदौली)। नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 6 कैलाशपुरी फेस टू महमूदपुर के वार्डवासियों ने गुरुवार को जल जमाव से नाराज होकर पानी में खड़े होकर प्रदर्शन किया और पालिका प्रशासन पर सौतेला व्यवहार का आरोप लगाया।
नाराज वार्डवासियों ने नगर पालिका परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका परिषद को हम टैक्स नियमित रूप से जमा करते हैं, बावजूद इसके हम नगर पालिका की सुविधाओं से वंचित हैं। वार्ड नंबर 6 महमूदपुर में पिछले दिनों लगभग 43 लाख का बजट रोड निर्माण के लिए पास कराया गया था। 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक निर्माण नहीं हो पाया।
बरसात के मौसम में बच्चों को विद्यालय जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जल जमाव की वजह से विभिन्न प्रकार की बीमारियों की भी आशंका बढ़ गई है। कई बार इसकी शिकायत पालिका परिषद के अधिकारियों से की गई। अधिकारियों का कहना है कि कैलाशपुरी एक वीआईपी कॉलोनी है। यहां सांसद विधायक रहते हैं। यहां पहले इनकी समस्याओं को देखना है। वार्डवासियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पालिका परिषद हम लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हम लोग इस जल जमाव से आने-जाने व रहने को मजबूर हैं।
नगर पालिका परिषद पीडीडीयू नगर के अधिकारियों व कर्मचारियों को केवल सांसद व विधायक की रोड व नाली दिखाई देती है। आम जनता से इन्हें कोई मतलब नहीं रहता। अगर जल्द ही हम लोगों की जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हम लोग सड़क पर उतरने को बाध्य होंगे। जिसकी सारी जिम्मेदारी पालिका परिषद के कर्मचारियों व अधिकारियों की होगी।
इस अवसर पर जयनारायण पांडे, सुभ्राता सिंह, कुन्ती देवी, ए.पी. दीक्षित, सुरेन्द्र माली, रविन्द्र राय, राजकिशोर प्रसाद, जे.पी. भारती, विधासागर विश्वकर्मा, अंकित गुप्ता, दीप्ति पराशर, उषा सिन्हा, किरन राय, मनीष कुशवाहा, पवन शुक्ला आदि लोग मौजूद रहे।