Connect with us

चन्दौली

पानी के अभाव में रजवाहा सूखने से किसान चिंतित

Published

on

सकलडीहा (चंदौली)। जिले के सकलडीहा रजवाहा में बीते कई माह से पानी नहीं होने से किसानों के सामने सिंचाई के लिए संकट खड़ा हो गया है। सिंचाई के साथ किसानों को जानवरों को पानी पिलाने के लिए भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि सिर्फ कोरा आश्वासन दे रहे हैं। किसानों ने नहरों में शीघ्र पानी नहीं छोड़े जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

सकलडीहा रजवाहा से रूपेठा, सरेहुआ कला, सरेहुआ खुर्द, लेहरा, हरिहरपुर, ताजपुर, तेन्दुई, दुर्गापुर, सकलडीहा, नागेपुर, बलारपुर, अमावल, फुल्ली, खोर, ओनावल, बरठी, मनियारपुर, रैपुरा, डैना सहित दर्जनों गांवों के हजारों किसानों की लाखों बीघा फसल की सिंचाई होती है। बीते कई माह से सकलडीहा रजवाहा पुलिया निर्माण के दौरान बंद रहा। पुलिया निर्माण हो जाने के बाद भी पानी के अभाव में यह सूखा पड़ा है।

रजवाहा से लेकर टेल तक पानी की अनुपलब्धता से किसानों में हाहाकार मचा हुआ है। सिंचाई के साथ-साथ जानवरों को पानी पिलाने के लिए भी किसानों को काफी समस्या हो रही है। किसानों ने सांसद, विधायक सहित अधिकारियों से सकलडीहा रजवाहा में पानी छोड़े जाने की मांग उठाई है।

किसान नेता सिंटू यादव, रतेन्द्र राजभर, गोलू राजभर, अमित सैनी, पोप सिंह, रविन्द्र प्रताप सिंह, अमित सिंह, प्रदीप पांडेय आदि ने जिला प्रशासन से रजवाहा में शीघ्र पानी छोड़े जाने की मांग उठाई है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa