गाजीपुर
एक करोड़ दस लाख से संवरेगा बभनौली का बिछुड़नाथ महादेव धाम
पर्यटन विकास की कवायद तेज, पर्यटन विकास निगम की टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण
खानपुर (गाजीपुर)। खानपुर क्षेत्र के बभनौली स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व वाले बिछुड़नाथ महादेव धाम के विकास और सुंदरीकरण की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश के आयुष राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के प्रयास से धाम के विकास के लिए करीब एक करोड़ दस लाख रुपये की धनराशि से कार्य प्रस्तावित हैं। इसी क्रम में रविवार को उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम की टीम ने धाम पहुंचकर प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम ने मंदिर परिसर की भूमि, निर्माण के लिए उपलब्ध स्थान और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके की स्थिति के आधार पर प्रस्तावित कार्यों की रूपरेखा भी तैयार की। योजना के तहत श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए स्थल, मैरिज हॉल, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था समेत कई सुविधाएं विकसित की जानी हैं। परिसर के सुंदरीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े अन्य जरूरी कार्य भी प्रस्ताव में शामिल किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अवर अभियंता सौरभ कुमार राय और आर्किटेक्ट देवांश ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी ली। अधिकारियों के अनुसार स्थल निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब इस्टीमेट तैयार करने, मिट्टी की जांच सहित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्तावित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
बिछुड़नाथ महादेव धाम क्षेत्र में धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। धाम के विकास और सुंदरीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने धाम के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का स्वागत किया है।
