गाजीपुर
सिधौना के लाल ने रचा इतिहास, 23 दिन में फतह कीं 20 दुर्गम चोटियां
राकेश यादव NIMAS के ऐतिहासिक पर्वतारोहण अभियान का हिस्सा, लद्दाख में छह हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर फहराया तिरंगा
सिधौना (गाजीपुर)। क्षेत्र के सिधौना गांव निवासी पर्वतारोही राकेश यादव ने लद्दाख की दुर्गम पर्वत चोटियों पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय पर्वतारोहण एवं साहसिक खेल संस्थान (NIMAS), दिरांग की टीम ने महज 23 दिनों में छह हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 20 ऐसी चोटियों का सफल आरोहण किया, जिन पर पहले किसी सफल चढ़ाई का रिकॉर्ड दर्ज नहीं था। राकेश यादव भी इस अभियान का हिस्सा रहे।

लद्दाख के चुनौतीपूर्ण पर्वतीय क्षेत्रों में संचालित इस अभियान का नेतृत्व NIMAS के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल ने किया। कम ऑक्सीजन, बर्फीली हवाओं, कड़ाके की ठंड और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच पर्वतारोहियों ने लगातार अभियान चलाते हुए एक के बाद एक 20 चोटियों पर तिरंगा फहराया।
23 दिन में 20 अनारोही चोटियों पर आरोहण
छह हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाली 20 अनारोही चोटियों का इतने कम समय में सफल आरोहण पर्वतारोहण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है। अभियान में पर्वतारोहियों की तकनीकी दक्षता, शारीरिक क्षमता, साहस, बेहतर योजना और टीमवर्क की अहम भूमिका रही।

25 सितंबर को नई दिल्ली के कर्तव्य भवन-2 में आयोजित फ्लैग-इन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अभियान दल का स्वागत किया और पर्वतारोहियों के साहस एवं दृढ़ संकल्प की सराहना की। संस्थान के अनुसार यह उसकी लगातार तीसरी रिकॉर्ड उपलब्धि है। अभियान के दौरान दो इंडिया बुक रिकॉर्ड भी दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।
गांव में खुशी का माहौल

राकेश यादव की उपलब्धि की खबर सिधौना और आसपास के क्षेत्र में पहुंचते ही लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने कहा कि राकेश ने कठिन परिस्थितियों में साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए गांव के साथ गाजीपुर का नाम भी पर्वतारोहण के क्षेत्र में नई ऊंचाई तक पहुंचाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।
