चन्दौली
मुकदमा दर्ज होने से नाराज ग्राम प्रधान ने पत्रकारों पर साधा निशाना

चंदौली। जिले के अलीनगर क्षेत्र के अमोघपुर ग्राम प्रधान सुनील चौहान पर एक बार फिर संगीन आरोप लगा है। उनके खिलाफ मारपीट धमकी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। अमोघपुर निवासी सावित्री देवी गंभीर हालत में अपने पुत्र के साथ अलीनगर थाने पहुंची और ग्राम प्रधान सुनील चौहान व अन्य आरोपियों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता के अनुसार, प्रधान और उनके सहयोगियों ने उसे बेरहमी से पीटा है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस पर कार्यवाही का दबाव बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि घटना के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी अलीनगर पुलिस एफआईआर दर्ज करने में टाल मटोल करती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम प्रधान के रसूखदार संपर्कों के चलते पुलिस कार्यवाही से बचाती है।
ग्राम प्रधान सुनील चौहान मीडिया से नाराज हो गए और एक वीडियो जारी कर पत्रकारों को निशाना बनाया। प्रधान का यह रवैया पत्रकारों की सुरक्षा व निष्पक्ष पत्रकारिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है। घटना के बाद पत्रकार संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि मीडिया कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता से जुड़े लोग पत्रकारों को धमकाने लगेंगे तो लोकतंत्र का चौथा स्तर कमजोर हो जाएगा।