वाराणसी
हिरासत से भागा शातिर आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी आज
वाराणसी। कोतवाली पुलिस को चकमा देकर फरार हुए रसूलपुर-हरहुआ, बड़ागांव निवासी आफताब अंसारी को पुलिस ने सोमवार देर रात दोबारा गिरफ्तार कर लिया। 24 अप्रैल को हिरासत से भागने के बाद पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में लगी थीं और प्रयागराज, दिल्ली के बाद मुंबई तक उसकी घेराबंदी की गई। इसके बावजूद वह छिपते-छिपाते बनारस पहुंच गया, जहां दूसरी बार पुलिस को चकमा देने में असफल रहा और पकड़ा गया। एसीपी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार उसके पीछे लगी रही। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामले के अनुसार आफताब अंसारी शादी समारोहों में भोजन बनाने का ठेका लेता था। एक समारोह के दौरान उसकी पहचान एक युवती से हुई, जिसके बाद उसने उसे अन्य शादियों में काम दिलाने का झांसा देकर नजदीकियां बढ़ाईं और अमित नाम बताकर उससे शादी कर ली। शादी के बाद वह युवती को अपने घर न ले जाकर लहरतारा की नई बस्ती में किराए के कमरे में रखने लगा।
युवती को उसके रहन-सहन से उसके मुस्लिम होने की जानकारी हुई, जिस पर विरोध करने पर आरोपी ने उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। प्रताड़ना बढ़ने पर युवती किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने आफताब उर्फ अमित, उसके पिता नबी रसूल, गंगाजलि और मिट्ठू अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था, लेकिन वह पुलिस हिरासत से भाग निकला था। अब दोबारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
