गोरखपुर
हाईकोर्ट में समय पर जवाब दाखिल न करने पर बांसगांव थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मी लाइनहाजिर
दुष्कर्म व पॉक्सो मामले में लापरवाही पर एसएसपी डॉ. कौस्तुभ की बड़ी कार्रवाई
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 15 जुलाई को एसएसपी को तलब किया, समीक्षा के बाद थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी और दीवान पर गिरी गाज
गोरखपुर। दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में समय से जवाब दाखिल न करने की लापरवाही पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. कौस्तुभ ने बांसगांव थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है। हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई की जद में बांसगांव थानाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, संबंधित चौकी प्रभारी सर्वेश कुमार सिंह तथा थाने के दीवान रमेश कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव थाना क्षेत्र की 15 वर्षीय किशोरी को मार्च 2026 में संतकबीरनगर निवासी एक युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बाद में किशोरी के बरामद होने और मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए बयान के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी गई।
आरोपी की जमानत अर्जी निचली अदालत से खारिज होने के बाद उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने गोरखपुर पुलिस से मामले में जवाब तलब किया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब दाखिल नहीं किया गया। इस पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए 15 जुलाई को एसएसपी गोरखपुर को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने मामले की समीक्षा कराई। जांच में न्यायालय में समय से जवाब दाखिल कराने की प्रक्रिया में थाना स्तर पर लापरवाही सामने आने पर तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया गया। मामले में विभागीय कार्रवाई भी आगे बढ़ाई जा रही है।
