Connect with us

जौनपुर

स्कूल वाहनों पर चलेगा सख्त अभियान, 15 जुलाई तक होगी विशेष जांच

Published

on

Loading...
Loading...

बिना फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों वाले वाहनों पर होगी कार्रवाई

जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने जनपद में 1 से 15 जुलाई तक ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान शुरू किया है। इस विशेष अभियान के तहत जिले में संचालित सभी स्कूल वाहनों की सघन जांच की जाएगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

7 जुलाई तक पूरे करें सभी औपचारिकताएं

संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) अजीत सिंह ने सभी विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि 7 जुलाई तक स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतन करा लें।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि बच्चों को स्कूल भेजने से पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस वाहन से वे यात्रा कर रहे हैं, वह सभी सुरक्षा मानकों का पालन करता हो।

संयुक्त टीम करेगी विशेष चेकिंग

आरटीओ ने बताया कि 7 जुलाई के बाद परिवहन विभाग, पुलिस और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाएगी। इस दौरान बिना फिटनेस, बिना परमिट अथवा सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ चालान, सीज और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

मान्यता निरस्त कराने की भी होगी संस्तुति

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यालय द्वारा बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी कर मानकविहीन वाहनों का संचालन कराया जाता है, तो उसकी रिपोर्ट संबंधित सक्षम अधिकारियों को भेजी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे विद्यालय की मान्यता निरस्त करने की संस्तुति भी की जा सकती है।

सहयोग की अपील

परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय संचालकों से समय रहते आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने और अभियान में सहयोग करने की अपील की है, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित एवं निर्बाध यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page