वाराणसी
स्कार्पियो की टक्कर से ऑटो सवार तीन यात्री घायल
वाराणसी। जनपद के चोलापुर थाना क्षेत्र के इमिलिया ग्राम के समीप वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कार्पियो की टक्कर से तिपहिया ऑटो सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोलापुर क्षेत्र के परानापट्टी निवासी काजू गुप्ता (18), हीरावती (35), और हाजीपुर निवासी रमेश (35) एक तिपहिया ऑटो में वाराणसी से चोलापुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान इमिलिया गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कार्पियो ने ऑटो को बगल से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ऑटो सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
हादसे के बाद स्कार्पियो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय निवासियों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
